Maharajganj Politics : महंगाई पर सियासी संग्राम! गैस के दाम बढ़ते ही सड़क पर 'आप', राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
14-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को इस सम्बन्ध में एक ज्ञापन भी सौंपा।
आप के जिलाध्यक्ष रामकुमार पटेल ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से बुरी तरह परेशान है। उन का मानना है कि यह महंगाई केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण बेकाबू हो गयी है, जिसका असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹120 की वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी से न सिर्फ आम जनता बल्कि छोटे व्यापारियों की परेशानी भी बढ़ गई है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से कच्चे तेल की खरीद में कमी के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा है।
जिलाध्यक्ष ने अपने पत्र में कई मांगें रखीं। इनमें घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेना, पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू करना, गरीब एवं मध्यवर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान करना और महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्पष्ट एवं जवाबदेह नीति घोषित करना शामिल है।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष पशुपतिनाथ गुप्ता, शिवदयाल यादव, शिवकुमार चौधरी, संजय पांडे, किशोर प्रजापति, जाहिद अली, पवन वर्मा, शैलेश कुमार, रमजान अली, अनवर अली सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।