Maharajganj News : एक मौत ने रोक दी शहर की रफ्तार… सड़क पर उतर आया पूरा गांव

    14-Mar-2026
Total Views |

फैयाज अहमद


महराजगंज। शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के लोहरौली गांव निवासी केदार गौंड की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव फ़ैल गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गाँव पहुंचा, आक्रोशित लोगों ने ठूठीबारी–निचलौल मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम शुरू कर दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।

देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष जुट गए, जिससे मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन के दौरान कई लोग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के बाद भी आरोपित के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार और गांव के लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी निचलौल वसंत सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उनके साथ ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर, निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और चौक थानाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। हालांकि खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास जारी था।

बताया जा रहा है कि 13 मार्च की शाम लोहरौली निवासी केदार गौंड साइकिल से गड़ौरा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी घटना के विरोध में शनिवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आये ।