Maharjganj News : एक साथ शादी के बंधन में बंधे 492 जोड़े...लेकिन दुल्हनों का मेकअप बना इस चीज़ में बाधा
14-Mar-2026
Total Views |
परतावल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमे सैकड़ों जोड़ों ने एक साथ नए जीवन की शुरुआत की। इस दौरान 472 जोड़ों का वैदिक रीति से विवाह समंपन्न हुआ जबकि 20 जोड़ों का निकाह कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और ब्लाॅक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में शुरू हुईं। पूरे मैदान में सजाए गए मंडपों में एक साथ विवाह की रस्में संपन्न हुईं।
सामूहिक विवाह में विकास खंड परतावल के 63, पनियरा के 55, मिठौरा के 79, घुघली के 57, सिसवा के 53, निचलौल के 66 तथा सदर के 64 जोड़े शामिल हुए। वहीं शहरी क्षेत्र से भी कई जोड़े इस आयोजन में शामिल हुए। नगर पालिका महराजगंज के 14, नगर पंचायत पनियरा के 9, घुघली के 6, चौक के 7 तथा सिसवा के 14, निचलौल के 5 जोड़ों ने भी सामूहिक विवाह समारोह में शादी रचाई।
समारोह में प्रशासन की ओर से विवाह की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मंडप, भोजन, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ों को सरकार की योजना के तहत उपहार और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, डीडीओ भोलानाथ, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, पीडी रामदरश, समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, एडीओ समाज कल्याण श्यामसुंदर तिवारी, बीडीओ मिठौरा राहुल सागर के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
इस समारोह के दौरान एक अनोखी समस्या भी सामने आयी। कई वधुओं के चेहरे पर ज्यादा मेकअप होने के कारण बायोमेट्रिक मशीन चेहरा पहचान नहीं पा रही थी। बार-बार प्रयास के बाद उनका चेहरा धुलवाया गया, तब जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो सकी। इससे पंजीकरण की प्रक्रिया में देरी हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वर-वधू और उनके परिजन मौजूद रहे, जिससे व्यवस्था संभालना भी चुनौतीपूर्ण रहा। तहसीलदार पंकज शाही, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।
बताया गया कि ग्रुप इवेंट पहले से न होने के कारण कार्यक्रम के दिन ही बायोमेट्रिक कराया गया, जिससे भीड़ और दबाव बढ़ गया और प्रक्रिया में देरी हुई।