Maharajganj News : पेट्रोल डालकर मासूम को जिंदा जलाने की कोशिश! विरोध करने पर दबंगों का खौफनाक हमला
15-Mar-2026
Total Views |
सिंदुरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर कोर्ट गांव में एक नौ वर्षीय बालक के साथ हैवानियत की हद पार करने की घटना सामने आयी है। बालक को मारने-पीटने का विरोध करने पर आरोपियों ने बच्चे के कपड़े पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के पिता सुग्गन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की शाम सात बजे हमारे ही गांव के बिकाऊ, मारकंडेय व धर्मपाल ने मेेरे लड़के अंश को अपनी बाइक से पेट्रोल चुराने का आरोप लगाकर गाली दे रहे थे। जब मैंने और मेरी पत्नी ने विरोध किया तो तीनों लाठी-डंडे से मारने लगे।
इसी बीच मारकंडेय ने मेरे बेटे के कपड़े पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। इससे उसका चेहरा जलकर झुलस गया। शोर मचाने पर लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से भाग गए। मगर जाते समय जान मारने की धमकी भी दी।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित बालक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।