Maharajganj News : रेलवे के बड़े अधिकारी का औचक निरीक्षण! स्टेशन पर दिखीं कमियां, दिए सख्त निर्देश

    15-Mar-2026
Total Views |

नौतनवा।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार ने शनिवार को अपने विशेष यान सैलून से नौतनवा रेलवे स्टेशन का अचानक दौरा किया। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, गुड्स एवं कार्यालयों में मशीनों, वस्तुओं व अभिलेखों आदि के रखरखाव एवं ट्रेनों के संचालन आदि की स्थिति का मुआयना कर मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

नौतनवा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे पीसीओएम राजेश कुमार ने प्लेटफाॅर्म, मालगोदाम, वाणिज्य एवं स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, विश्रामालय, वेटिंग रूम, पार्किंग स्टैंड, टिकट काउंटर आदि स्थलों का मुआयना कर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं गुड्स से संबंधित रैक हैंडलिंग व्यवस्था एवं अन्य विभिन्न अभिलेखों की जांच कर प्रविष्टियों को हमेशा अपडेट रखने और स्टेशन पर साफ-सफाई सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।


वहीं यात्रियों ने पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक से नौतनवा से लखनऊ तक सीधी ट्रेन चलवाने की मांग करते हुए लोकल ट्रेनों की लेटलतीफी से उत्पन्न हो रही समस्याओं से अवगत कराया। प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। साथ ही छिटपुट कमियां को दूर करने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है।

इस दौरान सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक मुकेश कुमार, यातायात निरीक्षक उमाकांत सिंह एवं राजीव लोचन मिश्र, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मिर्जा हाशिर बेग, जीएस पुरषोत्तम, सीएस एसपी यादव, स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम, धनंजय चौबे, राकेश कुमार, गौतम अग्रहरि, पायल जायसवाल, टीटीई राहुल यादव, संजय कुमार मौजूद रहे।