UP Politics : “मेरे पैसे वापस दिलाओ!”, भाजपा कार्यालय में रोती-बिलखती बुजुर्ग महिला का हंगामा, VIDEO वायरल
18-Mar-2026
Total Views |
नौतनवा। महराजगंज के नौतनवां कस्बे में लेनदेन के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग महिला ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिला अपने पैसे वापस दिलाने की मांग को लेकर जोर जोर से बिलखती नज़र आयी, जिससे परिसर में अफरा तफरी मच गयी।
मनोनीत सभासदों को बधाई देने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक महिला पहुंच गई और पैसे की मांग को लेकर एक जिम्मेदार पर थप्पड़ चला दिया। इस दौरान दर्जनों लोग बचाव में जुट तो गए, लेकिन महिला व उसका बेटा पैसे की मांग पर अड़े रहे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला और महिला को भाजपा कार्यालय से बाहर ले गए। तब जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक शुरू हो सकी। पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि आपन महराजगंज वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
यह है मामला मनोनीत सभासद व कुछ पदाधिकारियों के मनोनीत होने पर यहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही शुरू हुआ बवाल करीब घंटे भर चलता रहा। महिला का आरोप है कि वह एलआईसी के नाम पर करीब साढ़े चार लाख रुपये जमा कर दिए थे, लेकिन उक्त व्यक्ति द्वारा पैसा एलआईसी कार्यालय में नहीं जमा किया गया। इसकी मांग वह लगातार करते आ रही है। इसी बात से परेशां होकर महिला अपने बेटे के साथ कार्यक्रम में पहुंच गई थी।
महिला कार्यक्रम के बीच में घुस गई और उस व्यक्ति के पास पहुंची जिस पर वह पैसा बकाया का आरोप लगा रही थी। महिला ने पहुंचते ही थप्पड़ जड़ दिया और उसका कालर घसीट कर बाहर लाने लगी। इस बीच गहमा-गहमी का माहौल हो गया। कुछ लोग बचाव में उतर आए। बावजूद इसके हाथों में चप्पल निकल गए। गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बनी रही। सूचना पर पुलिस की टीम पहुंच गई और हालात को संभाला।
विवाद कर रहे लोगों को पुलिस बाहर ले गई, जब जाकर कार्यक्रम की शुरुआत हो सकी। फिलहाल विवाद की असली वजह और लेनदेन की पूरी कहानी सामने आने का इंतजार है।