Maharajganj News : नेपाल से आए बीज, खड़खोड़ा में पनप रही थी अफीम की खेती! 520 पोस्ता फल नष्ट
18-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है, जहां प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पोस्ता के सैकड़ों फलों को नष्ट कर दिया और पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। नारकोटिक्स ब्यूरो निरीक्षक की देखरेख में 520 अफीम पोस्ता के फल नष्ट किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को SOG टीम और बृजमनगंज थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी में एक आरोपी रामनरेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। न्यायालय के आदेश के बाद 17 मार्च को अवैध अफीम की फसल पूरी तरह नष्ट कर दी गई।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अभियुक्त ने कबूल किया है कि वह अफीम के बीज पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिले से लाया था। ऐसे में अब इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ियों की जांच तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन सालों से इस अवैध खेती में लिप्त था और खेत को तार-जाली से घेरकर सुरक्षित किया गया था। अब सवाल ये भी है कि आखिर यह अफीम कहां-कहां सप्लाई की जाती थी।
फिलहाल, कानून के तहत बिना लाइसेंस उगाई गई इस फसल के चलते संबंधित जमीन को भी सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।