Maharajganj News : पट्टीदार से विवाद से मौत तक की कहानी, जांच में जुटी पुलिस
19-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। नौतनवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धोतियहवा बनिया टोला में बीते सोमवार को 30 वर्षीय हरिप्रकाश की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। परिवार ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चार दिन तक अंतिम संस्कार रोक दिया।
बाद में सीओ अंकुर गौतम व थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के आश्वासन पर शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। इस घटना के बाद पूरे गांव मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हरिप्रकाश का अपने पट्टीदारों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान हुई मारपीट में उसकी पत्नी निशा का सिर फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट में हरिप्रकाश को भी चोटें आई थीं,जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि परिवार सूरत जाने की तैयारी में था, लेकिन घटना के बाद योजना बदल गई। पत्नी के घायल होने और खुद की तबीयत बिगड़ने के चलते हरिप्रकाश ससुराल कुशहा थाना कोल्हुई जाने के लिए निकल पड़ा। परिवार ऑटो से कोल्हुई की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए बनकटी ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि घटना में शामिल आरोपियों की वजह से ही हरिप्रकाश की मौत हुई, लेकिन समय पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते परिजनों ने चार दिन तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया।
उनका कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी प्रति उन्हें नहीं दी जाएगी,तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। हालांकि,पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।