UP Politics : लंबी कतारें और मौके पर फैसला… जनता दर्शन में दिखी प्रशासनिक सक्रियता
02-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में सियासत और प्रशासनिक हलचल उस समय तेज़ हो गयी जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को अपने आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे आवास परिसर में लंबी कतारें देखी गईं।
जनता दर्शन में बिजली, सड़क, पानी, आवास, पेंशन, राजस्व विवाद, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। मंत्री पंकज चौधरी ने सभी फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई प्रकरणों में उन्होंने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों ने खाद की उपलब्धता, नलकूपों की मरम्मत और सिंचाई व्यवस्था में सुधार की मांग की। युवाओं ने रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मुद्दे उठाए। महिलाओं ने राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। मंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर उसका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
पंकज चौधरी ने दोहराया कि जनता की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।