Fuel Shortage In District : महराजगंज में पेट्रोल-डीजल की कमी? डीएम ने बैठक कर बताया क्या है सच्चाई
09-Mar-2026
Total Views |
Fuel Shortage In District : इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से यह अफवाह फ़ैल रही है कि जिले में डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की भारी कमी है। इस बात में सच्चाई है या ये महज एक अफवाह है इसको जानने के लिए डीएम संतोष कुमार शर्मा ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान सबसे पहले उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी मालिकों से डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की सारी जानकारी प्राप्त ली। उन सभी संचालकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति प्राप्त हो रही है, जिले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि महराजगंज में कहीं भी डीजल-पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्त्व जानबूझकर अफवाह फैलाकर लोगों में अनावश्यक घबराहट पैदा कर रहे है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में वाहनों के अतिरिक्त किसी कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तन में डीजल-पेट्रोल का विक्रय न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से बार-बार डीजल-पेट्रोल खरीदने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दी जाए।
उन्होंने गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए। ग्राहकों के घर तक ही वितरण सुनिश्चित किया जाए। बिना ऑनलाइन बुकिंग के एलपीजी सिलेंडर का वितरण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डीएसओ को निर्देशित किया कि टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई को तेज किया जाए तथा औचक निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन हो रहा है। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, डीएसओ एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जरूरत के अनुसार ही ईंधन और गैस की खरीदारी करें ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।