Maharajganj News : महाराजगंज में युवाओं के लिए सुनहरा मौका! आईटीआई में शुरू हुआ ड्रोन टेक्नोलॉजी का मुफ्त प्रशिक्षण

    09-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
आने वाला समय ड्रोन तकनीक का युग माना जा रहा है। आज ड्रोन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और यह तकनीक कृषि, सुरक्षा व्यवस्था, सर्वेक्षण, आपदा प्रबंधन, फोटोग्राफी तथा कई तकनीकी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

ऐसे में इस क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग भी तेजी से बढ़ रही है, जिसे देखते हुए युवा अब ड्रोन तकनीक को अपने भविष्य के बेहतर विकल्प के रूप में देखने लगे हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए राजकीय आई.टी.आई. पिपरामऊनी, फरेंदा , महाराजगंज में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत “ड्रोन सॉफ्टवेयर टेक्निशियन” ट्रेड का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कोर्स के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण रखी गई है।

संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 मार्च तक पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि कोर्स की कक्षाएं मार्च माह से प्रारंभ की जाएंगी।

संस्थान के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों के युवाओं में इस ट्रेड के प्रति काफी उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से आर्मी, डिफेंस और पुलिस की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, हाल ही में 12वीं पास छात्र, तथा कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स में रुचि रखने वाले युवा बड़ी संख्या में इस कोर्स में रुचि ले रहे हैं।

ड्रोन तकनीक के बढ़ते महत्व को देखते हुए युवाओं को विश्वास है कि इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर वे भविष्य में रोजगार और आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।