Maharajganj News : सीसीटीवी से खुला ये गहरा राज! नकली सोना, असली ठगी
01-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। अड्डा बाजार में नकली सोना बेचकर ज्वेलर्स को ठगी का शिकार बनाने वाले संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। इस गिरोह के तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान राकेश गौड़, सरोज गौड़ और सुमन गौड़ के रूप में हुई है, जो गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, आरोपियों ने 28 और 30 मार्च को अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों पर असली सोना बताकर नकली आभूषण बेच दिए और हजारों रुपये ठग लिए।
जब ज्वेलर्स को शक हुआ और बाद में जांच कराई तो सोना नकली निकला। इसके बाद सीसीटीवी और वायरल फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। सूचना पर 30 मार्च को पहुंची पुलिस ने अड्डा बाजार कस्बे से तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी पर पूछताछ की।
31 मार्च को पीड़ितों की तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपियों की वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।