Maharajganj News : चुनाव से पहले बॉर्डर पर रेड अलर्ट! हर एंट्री पर जांच, हर हरकत पर नजर
10-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर महराजगंज जनपद में भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। 84 किलोमीटर लंबी इस सीमा पर अवैध घुसपैठ, हथियारों की तस्करी और नकदी के अवैध प्रवाह को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक नागरिक की गहन तलाशी ली जा रही है और उनके सामानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त भी की जा रही है।
इसी क्रम में, गोरखपुर के डीआईजी, महराजगंज के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने सोनौली बॉर्डर का दौरा किया। उन्होंने भारत और नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र का नियमित भ्रमण और बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस दौरान भारतीय सीमा क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। बैठक में दोनों देशों की सीमा पर तैनात एजेंसियों के बीच तस्करी और अवैध घुसपैठ से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई।
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय पुलिस और कस्टम सहित सभी सुरक्षा विंगों के कामकाज की जानकारी ली गई। उन्होंने दोहराया कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए अवैध घुसपैठ और तस्करी की किसी भी संभावना से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बल पूरी तरह सतर्क है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और चुनाव के मद्देनजर किसी भी संदिग्ध गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा।