Maharajganj News : भीषण टक्कर से दहला परतावल, सड़क पर बिखरा तेल और मलबा
10-Apr-2026
Total Views |
फैयाज अहमद
महराजगंज। जिले में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल मेन चौराहे पर दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का पहिया फट गया और दूसरे की तेल टंकी फटने से डीजल व रिफाइन तेल सड़क पर बहने लगा।
यह घटना शुक्रवार भोर करीब दो बजे की है। कप्तानगंज की तरफ से आ रही ट्रेलर जैसे ही पनियरा रोड की ओर मुड़ी तभी गोरखपुर से महराजगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर पलट गया। दोनो ट्रेलरों की टक्कर में फल की दुकान सहित कई दुकानें चकनाचूर हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल भिजवाया जहां रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।