Maharajganj News : क्या अब नहीं होगी पानी की टंकी खाली? 2.39 करोड़ की योजना पर सवाल
10-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर निकाय क्षेत्र के पांच वार्डों में 239.56 लाख रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इन विकास कार्यों के तहत पाइप लाइन बिछाने, सड़क निर्माण और नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा। इससे लोगों में उम्मीद जगी है।
तेज होती गर्मी के बीच पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिका निचलौल में तीन वार्डों में पाइपलाइन विस्तार का काम शुरू किया जा रहा है।
करीब 101.66 लाख रुपये की लागत से यह योजना लागू होगी, जिससे हजारों लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है। इसकी निविदा भी नए वित्तीय सत्र के चौथे दिन नगर पालिका प्रशासन खोल चुका है। इसी नगर निकाय के दो वार्डों में आवागमन बेहतर करने के लिए 122.60 लाख रुपये से आरसीसी रोड व मोहल्ले में जलनिकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाएगा।
नगर पालिका निचलौल के वार्ड नंबर तीन महाशय मोहल्ला, वार्ड नंबर एक जिगनहवा व वार्ड नंबर 11 में करीब 10 हजार की आबादी के घरों तक शुद्ध पेयजल उपलब्धता का सपना अधूरा था। ऐसा इसलिए क्योंकि चार वर्ष पहले पेयजल के लिए बिछाई गई पाइपलाइन उस समय की आबादी के अनुरूप थी।
विस्तारित क्षेत्र के लिहाज से तीनों वार्डों में सैकड़ों घरों में शुद्ध पेयजल का इंतजार है। नए वित्तीय सत्र में नगर विकास विभाग ने इनकी दुश्वारी दूर करने के इंतजाम कर दिए हैं। तीनों वार्डों में पाइप लाइन बिछाने के कार्य की निविदा का आवंटन हो चुका है। यह परियोजना 31 जून तक पूरी होगी।
जिगनहवा के पाइपलाइन पेयजल योजना विस्तारीकरण के लिए 33.88 लाख, महाशय मोहल्ला के लिए 33.89 लाख और लोहिया नगर के लिए भी 33.89 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। गर्मी में शुद्ध पेयजल का इंतजाम पुख्ता होने से लोगों को उम्मीद है कि इस बार गर्मी में पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी।
हालांकि, नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या यह योजना जमीन पर समय से उतर पाएगी या फिर यह भी कागजों तक सीमित रह जाएगी।