UP Panchayat Elections : यूपी पंचायत चुनाव पर बड़ा सस्पेंस! क्या फिर टलेंगे चुनाव?

    10-Apr-2026
Total Views |

लखनऊ/महराजगंज।
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 2021 में हुए पिछले चुनावों के बाद इस बार समय पर चुनाव होना मुश्किल नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, अब पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव के बाद कराये जाने की सम्भावना नज़र आ रही है।

दरअसल, पंचायत चुनाव के पहले पिछड़ा वर्ग आयोग यानी ओबीसी कमीशन का गठन होना जरूरी है। आयोग की रिपोर्ट के आधार पर ही पंचायत चुनाव के लिए एससी, एसटी और ओबीसी के लिए रिजर्वेशन तय होगा। इस प्रक्रिया के बिना चुनाव कराना संभव नहीं होगा।


यूपी के सभी 75 जिलों में नए आयोग को आरक्षण तय करने में समय लगेगा। पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट जब तक नहीं आ जाती, तब तक ग्राम प्रधानों, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों का आरक्षण फाइनल नहीं हो सकता। पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट भी 15 अप्रैल को आएगी। ऐसे में विधानसभा चुनाव के पहले पंचायत चुनाव होने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।

यूपी में ग्राम पंचायत की 57 हजार 965, क्षेत्र पंचायत की 826 और जिला पंचायत की 75 सीटों पर चुनाव होना हैं। उत्तर प्रदेश में मौजूदा पंचायतों का कार्यकाल 27 मई 2021 से शुरू हुआ था जो 26 मई 2026 तक ही है। पंचायत चुनाव का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट भी पहुंच चुका है, जहां कोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग से चुनाव कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बातचीत के दौरान कहा, 'मामला कोर्ट में है में विचाराधीन है और सरकार कोर्ट के आदेश के अनुसार ही निर्णय लेगी। फ़िलहाल अभी तक पंचायत चुनाव की कोई डेट सामने नहीं आई है।