Maharajganj News : रिकॉर्ड में कुछ, स्टॉक कुछ... 227 सिलेंडर कहां गायब?

    17-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जनपद में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच पनियरा थाना क्षेत्र के खुटहां बाजार स्थित कालीचरन एचपी गैस एजेंसी पर बड़ी अनियमितता सामने आई है। औचक निरीक्षण में एजेंसी के स्टॉक से 227 सिलिंडर कम पाए गए, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

इस पर पूर्ति निरीक्षक ने एजेंसी की प्रोपराइटर संध्या देवी के खिलाफ गुरुवार को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। एजेंसी के प्रोपराइटर ने 275 सिलेंडर खाली होने की जानकारी दी लेकिन मौके पर 48 ही खाली पाए गए।

एजेंसी के खिलाफ कंट्रोल रूम में बार-बार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार सहानी व पूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार ने एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनियमितता का खुलासा हुआ। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन व ऑफलाइन स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराने तथा स्टॉक में अंतर पाए जाने पर पनियरा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।


निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर संध्या ने अधिकारियों को बताया कि 275 सिलेंडर खाली हैं। लेकिन निरीक्षण के समय सत्यापन के दौरान 48 सिलेंडर खाली पाए गए। जांच के दौरान मौके पर कुल 227 सिलेंडर कम पाए गए। स्टाॅक के सत्यापन में अंतर पाए जाने का गैस एजेंसी का कृत्य द्रवित पेट्रोलियम गैस कंट्रोल ऑर्डर 2000 एवं यथा संशोधित आदेश का उल्लंघन है।

निरीक्षण के दौरान जांच अधिकारियों ने उक्त गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं से भी बातचीत की। इस दौरान सुभाष, मैना, गुलाबी देवी, अनीता, मुइली देवी, संजीत कुमार, सैरून निशा, अनीता, रेनू, कैलाश, रेशमी, अभिमन्यु, कलावती इंद्रजीत ने गैस एजेंसी पर गैस सिलिंडर नहीं मिलने और बार-बार दौड़ाने का आरोप लगाते हुए बयान भी दर्ज कराया है। एसओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कालीचरन एचपी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।