Maharajganj News : मानसिक रूप से परेशान युवक चढ़ा ऊपर, नीचे सांसें थामे खड़ी भीड़ ! आखिर क्या हुआ सिराजुद्दीन के साथ

    17-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में गुरुवार शाम उस समय अफरातफरी मच गयी जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवती से शादी की जिद पर अड़ा युवक नीचे न उतरने व कूदकर जान देने की चेतावनी देने लगा।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

गुरुवार को बागापार क्षेत्र के कटरा खास गांव में शाहिदपुर टोला निवासी इरशाद अंसारी पुत्र सिराजुद्दीन अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर बैठे देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए कहते रहे। लेकिन वह काफी देर तक टावर पर ही बैठा रहा। स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया। जब युवक नहीं माना तो पुलिस ने रणनीति के तहत युवती को मौके पर बुलाया। युवती के आने के बाद ही युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। बातचीत के दौरान युवती ने युवक से विवाह करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि वह अपने माता-पिता के निर्णय के अनुसार ही दूसरी जगह शादी करेगी।

युवक की मां के अनुसार,  किसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजन युवक को कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।