Maharajganj News : दो छोटे बच्चों की माँ ने क्यों लगा ली फांसी ? गाँव में सनसनी
17-Apr-2026
Total Views |
निचलौल। थाना क्षेत्र के औराटार गांव में गुरुवार को घर में 25 वर्षीय सोनी यादव का शव संदिग्ध हालात में लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, औराटार निवासी नाथू यादव की शादी 12 फरवरी 2019 को कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना अंतर्गत गांव भगवानपुर निवासी रामदरश यादव की बेटी सोनी यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद सोनी और नाथू के दो बच्चे अनन्या (5) और आयुष (2) ने जन्म लिया। शादी के बाद परिवार में सब कुछ ठीक रहा। कुछ दिनों पहले सोनी यादव का पति नाथू रोजगार के सिलसिले में बंगलौर चला गया।
जबकि सोनी घर पर ससुर राधेश्याम और सास पार्वती के साथ ही दो बच्चों की देखभाल कर रही थी। नाथू के भाई भी बंगलौर में आजीविका कमाते हैं। उनकी पत्नी फूलकली मायके में है। गुरुवार की दोपहर सोनी की सास को काफी देर तक उसके कमरे से कोई हलचल नहीं मिली।
उनके बार-बार आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने खिड़की से कमरे में झांका तो सोनी का शव लटका मिला। यह देख वह चीखने लगीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, शव को फंदे से नीचे उतारकर परिजन दरवाजे के सामने तख्ते पर रखे हुए थे। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।