
महराजगंज। टेलीग्राम के जरिए 'पैसा दोगुना-तिगुना' करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम थाना और निचलौल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ लोग अभी भी फरार बताये जा रहे हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (गोरखपुर जोन) अशोक मुथा जैन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (गोरखपुर रेंज) एस. चनप्पा के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना टीम ने 'प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट' के अंतर्गत इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले करीब 8 महीनों से सक्रिय था और लोगों को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करता था। आगरा निवासी मुकुल निगम से करीब 7 लाख रुपये की ठगी इसी तरीके से की गई थी। आरोपियों ने अलग-अलग खातों में पैसे मंगवाकर ATM और चेक के जरिए रकम निकाल ली।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना रवि प्रताप सिंह फर्जी आधार कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाता था और स्थानीय लोगों व जनसेवा केंद्र संचालकों को कमीशन का लालच देकर खाते उपलब्ध कराता था। प्रत्येक ट्रांसेक्शन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 ATM कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस ने रवि प्रताप सिंह, विजय कुमार मौर्या व आकाश पटेल, आशीष पाण्डेय, कार्तिकेय पटेल, बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि 'पैसा दोगुना' जैसे किसी लालच में न आएं और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत 1930 पर या नज़दीकी थाने पर सूचना अवश्य दें।