Maharajganj News : नेपाल बॉर्डर पर हुआ बड़ा खुलासा, ट्रक में छिपाकर लाई जा रही थी करोड़ों की खेप
27-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रग्स तस्करों को पकड़ा है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सीमा क्षेत्र में विशेष कार्रवाई कर 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को ट्रक समेत गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। गोपनीय सूचना पर सक्रिय हुई एसएसबी टीम ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में 21 बंडलों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
मौके से बिहार के गोपालपुर थाना क्षेत्र निवासी रणजीत गिरी (37) को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनेश चंद्र बिस्वास ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नेपाल से गांजे की खेप भारत में विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने के लिए ला रहा था।
पकड़ा गया आरोपी संगठित तस्करी गिरोह का सदस्य है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में एजेंसियां लगातार छापेमारी कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपी को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के हवाले कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में सीमा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।