Maharajganj News : बोर्ड पर 'फुल स्टॉक', पंप पर ‘नो फ्यूल’! लक्ष्मीपुर के पेट्रोल पंप पर हंगामा

    01-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
लक्ष्मीपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक पेट्रोल पंप पर ईंधन वितरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। लालाइन पैसिया स्थित अकबर फ्यूल एनर्जी स्टेशन पर स्थानीय लोगों ने अनियमितता और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और उपभोक्ताओं के अनुसार, पंप के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर पेट्रोल(3210 लीटर), डीजल (830 लीटर) और सीएनजी(460 लीटर) का पर्याप्त स्टॉक दर्शाया जा रहा था। इसके बावजूद, सुबह से ही ग्राहकों को 'ईंधन उपलब्ध नहीं है', कहकर लौटा दिया गया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पंप पर 'कुछ ख़ास लोगों' को प्राथमिकता दी जा रही है। कुछ वाहनों में अंदरखाने ईंधन भरने की बात भी सामने आई है, जबकि आम लोग लम्बी लाइन में लगकर भी खाली हाथ वापस लौट रहे हैं।

इसके अलावा, यह भी शिकायतें सामने आई हैं कि रात के समय गैलनों में ईंधन भरकर कार्यालय में सुरक्षित रखा जाता है और अगली सुबह चुनिंदा लोगों को उपलब्ध कराया जाता है, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

वहीं, पंप कर्मचारियों ने सफाई देते हुए कहा कि पंप मालिक और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही ईंधन वितरण शुरू किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।