Maharajganj News : मुर्दे को भी इंतज़ार! डीजल के लिए 2 घंटे लाइन में खड़ा रहा शव वाहन, उठे गंभीर सवाल
01-May-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां अंतिम संस्कार के लिए जा रहा शव वाहन भी पेट्रोल पंप पर डीजल के लिए करीब दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहा, लेकिन उसे भी ईंधन नहीं मिल सका। निचलौल-चिऊटहां मार्ग स्थित इस घटना ने न सिर्फ परिजनों को परेशान किया बल्कि मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सिधावे निवासी सर्वेश कसौधन का बुधवार को निधन हो गया था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए एक पिकअप वाहन से ले जा रहे थे। रास्ते में वाहन का ईंधन खत्म हो गया, जिसके बाद उसे निचलौल-चिऊटहां मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर रोका गया।
चालक ने लगभग दो घंटे तक लाइन में लगकर डीजल लेने का प्रयास किया, लेकिन उसे ईंधन नहीं मिला। पंप कर्मियों ने तेल खत्म होने का हवाला देते हुए पंप बंद कर दिया। इस दौरान शव पिकअप में ही रखा रहा और परिजन असहाय दिखे।
इस घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। इस संवेदनशील घटना का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंपों पर अव्यवस्था के कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थितियों में भी समय पर ईंधन उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को यह निर्देश दिए गए हैं कि आपातकालीन कार्यों के लिए प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए।