Maharajganj News : सिलेंडर और पेट्रोल के बाद अब कैश संकट! ATM के बाहर भटक रहे लोग

    11-May-2026
Total Views |

महराजगंज
। नगर में अधिकांश एटीएम में नकदी ख़त्म होने से लोगों ने भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शादी-विवाह और अन्य शुभ कार्यक्रमों के बीच कैश की किल्लत ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिससे खाताधारकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय स्टेट बैंक सहित कई प्रमुख बैंकों के एटीएम खाली पड़े हैं, जिससे ग्राहकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगर में संचालित विभिन्न बैंकों के दो दर्जन से अधिक एटीएम का उद्देश्य ग्राहकों को 24 घंटे नकदी उपलब्ध कराना है, लेकिन मौजूदा समय में अधिकांश एटीएम या तो बंद हैं या उनमें कैश खत्म हो चुका है। सोमवार सुबह से ही स्टेट बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक सहित कई एटीएम से लोगों को निराश लौटना पड़ा। कुछ एटीएम में सुबह थोड़ा बहुत कैश था जो दोपहर होते होते ख़त्म हो गया।


हालात ऐसे हैं कि लोग नकदी के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर भटक रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

भारतीय स्टेट बैंक जिले की एकमात्र चेस्ट ब्रांच है, जो अन्य बैंकों को भी नकदी उपलब्ध कराती है। इसके बावजूद यहां भी नकदी का अभाव बना हुआ है। बैंकिंग सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में नकदी की मांग बढ़ने और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से पर्याप्त कैश उपलब्ध न होने के कारण यह संकट उत्पन्न हुआ है। कुछ लोग अन्य राज्यों में हुए चुनावों को भी नकदी संकट का एक कारण मान रहे हैं।

इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक अमित अग्रवाल ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में नकदी उपलब्ध न होने से यह समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पर्याप्त धनराशि मिलेगी, एटीएम में कैश भरवाकर स्थिति सामान्य की जाएगी।