Maharajganj News : अपराधियों की खैर नहीं ! न्यायालयी मामलों में तेजी लाने के लिए पुलिस कप्तान ने दिया बड़ा आदेश
11-May-2026
Total Views |
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अभियोजन एवं न्यायालय संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान संयुक्त अभियोजन अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, न्यायालय पैरोकार, कोर्ट मोहर्रिर एवं मॉनिटरिंग सेल प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान न्यायालयों में लंबित अभियोगों, गंभीर अपराधों एवं चिह्नित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई और अभियोजन कार्यों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विवेचना के दौरान वैज्ञानिक एवं विधिक तरीके से साक्ष्य संकलन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मजबूत साक्ष्य ही न्यायालय में दोषियों को सजा दिलाने में सहायक होते हैं।
बैठक में अभियोजन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, गवाहों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा वारंट और समन की तामीला में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही न्यायालय संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो, गैंगस्टर और अन्य गंभीर मामलों में विशेष सतर्कता के साथ प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है तथा सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। गोष्ठी में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं दोष सिद्धि दर बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई।