Gorakhpur News : मंगलवार की सुबह-सुबह गूंजे धमाके! आखिर कैसे चाय की दुकान बनी आग का गोला
12-May-2026
Total Views |
गोरखपुर। शहर में मंगलवार सुबह असुरन पुलिस चौकी के सामने उस समय हड़कंप मच गया जब एक चाय-नाश्ते की दुकान में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। एक के बाद एक तीन सिलेंडरों में विस्फोट होने से पूरे इलाका दहल गया। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि उसे सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी के सामने स्थित पप्पू की चाय-नाश्ते की दुकान में अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा। देखते ही देखते दुकान में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में तीन सिलेंडर धमाके के साथ फट गए।
सिलेंडर का एक टुकड़ा पुलिस चौकी के पास जाकर गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, पादरी बाजार निवासी पप्पू मल्ल की असुरन पुलिस चौकी के सामने रेलवे अस्पताल की पश्चिमी दीवार से सटी टिनशेड की अस्थायी दुकान है, जहां वह चाय-नाश्ते का कारोबार करते हैं। बगल में पिपराइच के हैदरगंज निवासी रवि की मिट्टी के बर्तनों की दुकान और बौलिया कॉलोनी निवासी संजय कुमार की गैस चूल्हा रिपेयरिंग व गैस रिफिलिंग की दुकान है।
पप्पू मल्ल ने बताया कि सुबह करीब छह बजे वह गैस चूल्हे पर चाय बनाने जा रहे थे। इसी दौरान गैस रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में उनका एक हाथ झुलस गया। आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुटे, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के बीच दुकान में रखे दो सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना सुबह के समय हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने असुरन से धर्मशाला जाने वाली सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया और ट्रैफिक को यांत्रिक कारखाना मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी के सामने खुलेआम गैस रिफिलिंग किए जाने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम करते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।