Maharajganj News : गैस गोदाम का ‘सीक्रेट खेल’ कैमरे में कैद? वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
14-May-2026
Total Views |
चौक बाजार। सदर क्षेत्र के बागापार स्थित एक गैस गोदाम का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गैस सिलेंडर वितरण के नाम पर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक रुपये लेने और पासबुक जमा कराने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, आपन महराजगंज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि 48 सेकंड के इस वीडियो में गैस गोदाम की चहारदीवारी के पीछे एक युवक दूसरे व्यक्ति से पासबुक और रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। कैमरा होने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर हटते नज़र आते हैं।
आरोप है कि उपभोक्ताओं से एक सिलेंडर के लिए 500 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस सिलेंडर वितरण में लंबे समय से मनमानी की जा रही है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और कई लोगों को अतिरिक्त रुपये देने के बाद ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आरोप यह भी है कि गोदाम पर घंटों लाइन लगाने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो कई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोग संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।