Maharajganj News : सवा लाख लेकर फरार हुई दुल्हन! अब पूरे गैंग पर चलेगी गैंगस्टर की कार्रवाई

    14-May-2026
Total Views |

महराजगंज। शादी का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले कथित लुटेरी गैंग पर पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तयारी कर रही है। एटा जिले के एक युवक से करीब सवा लाख रुपये और गहने हड़पने के मामले में गिरफ्तार गिरोह की आपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है। गैंग चार्ट बनाने के बाद अनुमोदन के लिए जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त ड्रग माफियाओं पर भी पुलिस गैंगेस्टर एक्ट का शिकंजा कसने की तैयारी में है।

सिन्दुरिया पुलिस बीते तीन मई को शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाली लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस की कार्रवाई में जो बातें सामने आई थी उसके मुताबिक एटा जिले के एक युवक को शादी का झांसा देकर बुलाया गया था। सिन्दुरिया के एक मंदिर में शादी की रस्मों के दौरान आरोपितों ने रंजीत से शादी के खर्च व जेवर के नाम पर करीब एक लाख रुपये व गहने लिए। रस्मों के बीच ही आरोपित मारपीट व गाली-गलौज कर भागने लगे। मुख्य आरोपित जितेन्द्र दुल्हन बनी महिला को लेकर फरार हो गया था।


मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने कथित दुल्हन समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार किया था। शादी के नाम ठगी को अंजाम देने वाले इस गैंग की मास्टरमाइंड से लेकर सभी मुख्य किरदार में महिलाएं हैं। मास्टरमाइंड का पुराना आपराधिक इतिहास पुलिस को मिला है। बताया जा रहा है पुराने आपराधिक इतिहास पर पुलिस गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। अगर सभी प्रक्रिया पूरी हो गई तो पिछले एक दशक में यह इकलौता मामला होगा जिसमें कोई महिला गैंगेस्टर बनेगी।

इस साल अभी तक चार मामलों में गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है। कई मामले प्रक्रिया में है। गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद अपराध से अर्जित काली कमाई को पुलिस प्रक्रिया के तहत जब्त कर सकती है। एसपी के सख्त तेवर देख नशे के अवैध कारोबारियों से लेकर तस्करी व अन्य गैर कानूनी गतिविधियों में लिप्त गिरोहबंद लोगों में हड़कंप मच गया है।

एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी है। संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और उनकी आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।