Maharajganj News : 30 लाख के 101 मोबाइल बरामद, महराजगंज पुलिस ने लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

    14-May-2026
Total Views |

महराजगंज
। ज़िले की पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का बढ़िया उदाहरण पेश करते हुए गुम हुए 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। इन बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर सर्विलांस सेल द्वारा की गई। टीम ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया। IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोजे गए।

गुरुवार को पुलिस कार्यालय में मोबाइल मालिकों को बुलाया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके फोन सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जनता की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं। इससे CEIR पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस और ऑटो यात्रा, शादी समारोहों, धार्मिक स्थलों और पार्कों में लापरवाही के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल बाइक चलाते समय जेब से गिर गए, जबकि कुछ मामलों में बच्चों द्वारा गेम खेलने या नशे की स्थिति में फोन खोने की जानकारी सामने आई।

इस अभियान में सर्विलांस सेल के सुशील सिंह, शिवानन्द पासवान, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।