Maharajganj News : स्व-गणना में महराजगंज की बड़ी छलांग! 51 जिलों को पीछे छोड़ पहुंचा टॉप-25 में
14-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में स्व-गणना अभियान ने रफ़्तार पकड़ ली है। प्रशासन के जागरूकता अभियान के चलते जनपद प्रदेश के 51 जिलों को पीछे छोड़ते हुए रैंकिंग में 24वें स्थान पर पहुंच गया है। बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे तक जिले के 18 हजार 601 नागरिक अपनी स्व-गणना पूरी कर चुके हैं। बुधवार को डीसी एनआईसी मनोज कुमार व एडीएसटीओ प्रमोद यादव ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. प्रशांत कुमार की स्व-गणना कराकर अभियान को और गति दी।
स्व-गणना की प्रगति के आधार पर जनपद को ग्रीन जोन में रखा गया है। गोरखपुर-बस्ती मंडल में महराजगंज से आगे केवल देवरिया 16वां स्थान है। रैंकिंग में संतकबीर नगर 41वें स्थान के साथ येलो जोन में है। कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर व गोरखपुर अभी रेड जोन में बने हुए हैं। कुशीनगर 52वें, बस्ती 55वें, सिद्धार्थनगर 71वें व गोरखपुर 72वें स्थान पर है।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले के सभी चार्जों में मैपिंग का कार्य संपन्न हो गया है। प्रगणक व सुपरवाइजरों का बैचवार प्रशिक्षण पूरा कर उन्हें एचएलबी व सुपरवाइजर सर्किल आवंटित कर दिए गए हैं। कार्य की निगरानी व शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। नागरिक किसी भी समस्या के लिए मोबाइल नंबर 7393955896 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला जनगणना अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों से समयबद्ध स्व-गणना करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में अर्द्धशासकीय पत्र भी जारी किए गए हैं। गांवों में तहसीलदार व डीपीआरओ श्रेया मिश्रा और नगर क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारीयों का कहना है कि जिले में स्व-गणना का कार्य बेहतर ढंग से चल रहा है। बेहतर फीडबैक की बदौलत जनपद प्रदेश की रैंकिंग में ऊपर आया है। सभी प्रगणकों व सुपरवाइजरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आमजन से भी राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।