Maharajganj News : तेज हवा का ऐसा झोंका आया कि सड़क पर धराशायी हो गया जंगल जलेबी

    14-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में बुधवार को दिनभर मौसम ने अलग-अलग तेवर दिखाए। सुबह हल्की बारिश के बाद धूप निकल गई और फिर अपराह्न तीन बजे अचानक मौसम बदल गया। इसके बाद फिर कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। इसी दौरान तेज हवा के कारण परसामलिक में एक पेड़ गिरने से कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल में प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण व दक्षिणी राजस्थान के कारण आ रही पुरवा हवाओं के कारण कुछ दिनों तक मौसम खराब रहेगा। कहीं-कहीं पछुआ हवा चलेगी। वहीं कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश की भी संभावना है।


बुधवार को नौतनवा कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं नौतनवा थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया खोरिया नहर रोड पर परसा गांव के पास बुधवार की शाम करीब 5 बजे अचानक तेज हवा चलने से जंगल जलेबी का एक पेड़ गिर गया। सड़क पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया तब जाकर आवागमन शुरू हुआ।

ग्रामीण शाहआलम, सुप्रीम पासवान, संजय चौधरी, मुन्नदर चौधरी, सीताराम साहनी आदि ने बताया कि अचानक तेज हवा का झोंका आया जिसकी चपेट में आकर जंगल जलेबी का पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई था नहीं। बगल में बिजली का पोल था अगर उस पर गिरा होता तो पोल टूटने के साथ विद्युत आपूर्ति भी ठप हो सकती थी।