Maharajganj News : आखिर कैसे हुई नन्ही तेंदुआ की मौत? जंगल में मिले संघर्ष के चौंकाने वाले निशान

    15-May-2026
Total Views |

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य के निचलौल वन रेंज अंतर्गत दक्षिणी बीट के जंगल से सटे सागौन के बागीचे में शुक्रवार को लगभग पांच माह की एक मादा तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह बागीचे में तेंदुए का शव पड़ा देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बागीचे में जमीन और पेड़ों पर संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष में हुई है। हालांकि, वन विभाग ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।


निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला तेंदुओं के बीच आपसी संघर्ष का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि वन विभाग की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृत मादा तेंदुए की उम्र लगभग पांच महीने थी। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल भी देखा गया। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। महराजगंज में वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम की मौजूदगी में डॉक्टरों का दल तेंदुए का पोस्टमार्टम करेगा।