Gorakhpur News : रात में खाया तरबूज-मैगी, सुबह तक अस्पताल पहुंच गया 11 लोगों का परिवार

    15-May-2026
Total Views |

गोरखपुर।
गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के 11 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार के 11 लोगों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जाँच में मामला फ़ूड पॉइज़निंग का लग रहा है।

बेलीपार थानाक्षेत्र के मलाव गांव के रहने वाले अमरनाथ पाण्डेय की बेटी अन्नू ने बताया कि बुधवार शाम को एक फेरी वाल तरबूज बेचने आया था। उससे हम लोगों ने तरबूज खरीद लिया। शाम करीब 8 बजे परिवार के सभी लोगों ने तरबूज खाया।

इसके करीब एक घंटे बाद बच्चों की जिद पर घर में मैगी बनी। मैगी को मेरे पिता अमर नाथ पाण्डेय (65), ताऊ बैजनाथ पाण्डेय (68), मेरी मां शैल कुमारी (63), भाई अंशु पाण्डेय (26), बहन पूर्णिमा पाण्डेय (25) ने खाई।

इसके अलावा परिवार के ही बलराम पाण्डेय के बेटे वेदांत (3) और हन्नू (2), लक्ष्मीकांत पाण्डेय की बेटी नेहा, रिश्तेदार जगदीश दुबे (80), सौरभ त्रिपाठी (25) ने भी मैगी और तरबूज खाई थी। रात करीब 1 बजे एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।


परिजन के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 1 बजे बच्चों ने उल्टियां शुरू कर दी। दस्त आने लगा। कुछ ही देर में घर के बड़े सदस्यों की भी तबीयत खराब होने लगी। उनको भी पेट दर्द, उल्टी-दस्त होने लगा।

सबको सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। परेशानी बढ़ी तो परिजन ने गांव के ही एक झोलाझाप डॉक्टर से कुछ दवाइयां ली। लेकिन दवाई का कोई असर नहीं दिखा। परेशानी बढ़ती गई। सुबह होते होते तबीयत और ज़्यादा बिगड़ने लगी तो पड़ोसियों ने सबको स्थानीय सीएचसी भेजवाया।

वहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद दोपहर बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने सभी 11 मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया। डॉक्टर आरपी गौतम ने इलाज शुरू किया।

डॉ.गौतम ने बताया कि एक ही परिवार के 11 लोगों को भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। उनकी निगरानी की जा रही है। हालत सामान्य होने पर डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

जिला अस्पताल में एक ही परिवार के 11 लोगों के भर्ती किए जाने के बाद CMO डॉ. राजेश झा भी पहुंचे। उन्होंने परिजन से बात कर स्थिति को समझा। फिर डॉक्टर्स से जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि मरीजों की हालत ठीक है।

मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा। शुक्रवार दोपहर में एक टीम गांव में भी जाएगी। उन्होंने बताया कि ठंडी तासीर वाली चीजें खाने के बाद गर्म खाद्य पदार्थ खाने पर पेट में बैक्टीरिया का संक्रमण तेजी से फैलता है। यह खाने वाले को बीमार कर देता है।