Maharajganj News : खोखे दिखा रहे परिजन, पुलिस कर रही इनकार... आखिर विशुनपुर में उस रात हुआ क्या था?

    16-May-2026
Total Views |

फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुर अदरौना गांव में गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 17 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। विवाद में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस बार-बार दावा कर रही है कि फायरिंग नहीं हुई है। जबकि पीड़ित पक्ष खोखा दिखाकर फायरिंग में परिजनों के घायल होने की बात कह रहे हैं।

ग्राम सभा विशुनपुर अदरौना में गुरुवार की रात दो पक्षों में मारपीट के बाद रामफल यादव की तहरीर पर 10 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष के भगौती यादव की तहरीर पर सात नामजद के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने इस मामले में भगौती निवासी विशुनपुर अदरौना, रोहन निवासी दुर्गापुर, अभिषेक मिश्रा निवासी शिवपुर, बैजनाथ यादव निवासी विशुनपुर अदरौना ओझा टोला व दूसरे पक्ष से रामफल यादव निवासी विशुनपुर अदरौना को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र विशुनपुर अदरौना गांव के पूर्व प्रधान रामफल यादव और गांव के ही भगौती यादव के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीज कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। एक पक्ष का कहना है कि गुरुवार की शाम को पूर्व प्रधान रामफल यादव बाइक से कहीं से आ रहे थे। अभी वह घर के कुछ ही दूरी पर थे कि भगौती सहित कुछ अन्य लोग उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि घटना की जानकारी होते ही पूर्व प्रधान के घर के पिंटू यादव व धर्मेद्र यादव सहित तमाम लाेग पहुंच गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट व फायरिंग में की घटना में पांच लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष से शिवकुमार व भगौती को चोटें आईं।


घायलों में पिंटू यादव, धर्मेद्र यादव व शिव कुमार का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। गांव में फायरिंग की घटना के बाद से लोगों में दहशत बना हुआ है। ग्रामीण फायरिंग की बात बता रहे है लेकिन पुलिस गोली चलने की बात को सरासर गलत बता रही है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

विशुनपुर अदरौना गांव में गुरुवार की रात में दो पक्षों में मारपीट के साथ फायरिंग भी हुई। जिसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए। घटना के बाद गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। घायलों में पिंटू के पैर व धर्मेंद्र के सीने के ऊपर गोली लगने की बात सामने आ रही है। वहीं दूसरे पक्ष से शिवकुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में लाठी, डंडे व ईंट से मारपीट हुई लेकिन किसी भी पक्ष से फायरिंग की बात गलत है। वहीं घायल पिंटू व धर्मेद्र के परिजन गोली का खोखा दिखाकर फायरिंग का दावा कर रहे हैं।