Maharajganj News : एक मशीन और सैकड़ों मरीज! सुबह से लाइन में खड़े होने के बाद भी नहीं आया नंबर

    16-May-2026
Total Views |

महराजगंज। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन की कमी और सीमित संसाधनों की वजह से मरीजों को भारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल में रोजाना औसतन 150 एक्सरे और 50 अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं, लेकिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सीमित समय में इतने मरीजों की जांच करना तकनीशियनों के लिए चुनौती बन गया है। परिणामस्वरूप मरीजों को घंटों तक लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।

खजुरिया निवासी दीपक सिंह ने बताया कि वे सुबह 10 बजे भांजे अम्बुज को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। बच्चे के नाक से खून बह रहा था। दोपहर 12 बजने को हैं लेकिन अभी तक एक्सरे नहीं हो सका। इसी तरह गढ़वा निवासी नीरज सुबह 11 बजे पहुंचे लेकिन उनका नंबर अभी तक नहीं आया। बैजनाथपुर कला के रहने वाले पंकज मिश्रा पेट की समस्या लेकर सुबह 9 बजे से बाहर खड़े रहे, पर एक्सरे नहीं हो पाया। कश्मरिया निवासी अनिमेष सुबह 10 बजे पैर की चोट का एक्सरे कराने आए थे। दोपहर 12 बजे तक उनकी बारी नहीं आई।

मरीजों की शिकायत है कि लंबे इंतजार के दौरान न बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि एक्सरे रिपोर्ट बिना कवर के दी जा रही है। इससे रिपोर्ट खराब होने का खतरा रहता है। अस्पताल में पांच एक्सरे तकनीशियन तैनात हैं।

मरीजों की भारी भीड़ को देखते हुए यह संख्या अपर्याप्त बताई जा रही है। कई मरीजों का कहना है कि सुबह जल्दी पहुंचने के बावजूद दोपहर तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे गंभीर बीमारियों वाले मरीजों को अतिरिक्त तकलीफ हो रही है।