Sports News : रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा में जौनपुर का जलवा, वाराणसी को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

    18-May-2026
Total Views |

महराजगंज। डीएवी नारंग इंटर काॅलेज परिसर में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा में शनिवार देर रात तक कुल पांच मैच खेले गए। इनमे सबसे रोमांचक मुकाबला जौनपुर व वाराणसी के बीच देखने को मिला। जिसमें जौनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

जौनपुर और वाराणसी के बीच खेले गए मैच में टॉस जीतने के बाद वाराणसी ने क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। जौनपुर के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ दो विकेट गंवाकर 10 ओवर में 64 रनों का स्कोर बनाया। विक्की ने 30 व बीरू ने नाबाद 21 रनों की पारी खेली।


65 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की शुरुआत खराब रही और पहले ओवर में ही ओपनर पवेलियन लौट गए। सातवें ओवर में स्कोर कुछ जरूर बढ़ा लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका। 10 ओवरों में पूरी टीम 54 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार जौनपुर ने 10 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विक्की को दिया गया। पुरस्कार वितरण पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा व माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया। अंपायर अखिलेश व आकाश प्रजापति और स्कोरर का कार्य अब्दुल कादिर ने किया। दिनेश चौहान व शुभम शुक्ला ने अपनी रोचक कमेंट्री से पूरे मैच तक लोगों को बांधे रखा। दीपक गिरी,सुधीर यादव, अनिल जायसवाल दीपक यादव,मानसिंह मौजूद रहे।