Maharajganj News : रोडवेज़ बस ओवरटेक कर कुछ लड़कों ने यूँ दिखाई गुंडागर्दी ! वीडियो वायरल

    18-May-2026
Total Views |

कोल्हुई।
स्थानीय उपनगर कोल्हुई बाजार में रविवार को बाइक सवार युवकों द्वारा गोरखपुर से सोनौली जा रही रोडवेज बस के चालक-परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि आपन महराजगंज ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सोनौली डिपो के चालक अनिल पांडे ने बताया कि फरेंदा के पास चार सवारियों को उतारने के दौरान हल्का विवाद हुआ था। आरोप है कि उन्हीं सवारियों ने फोन कर दिया। इसके बाद बाइक सवार युवक बस का पीछा करते हुए कोल्हुई तक पहुंच गए।

लोटन तिराहे से पहले बस को ओवरटेक कर रोक लिया। करीब 10 से 12 युवकों ने बस रुकवाकर चालक और परिचालक की पिटाई कर दी। इस दौरान परिचालक विनोद कुमार मिश्रा का सिर फट गया, जबकि चालक को भी गंभीर चोटें आईं। उन्होंने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।


जब तक पुलिस पहुंचती कि हमलावर मौके से भागने निकले। यात्रियों ने भी पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की। यात्रियों का कहना है कि अचानक बस रोककर जिस तरह हमला किया गया, उससे बस में हड़कंप मच गया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभारी सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिल गयी है। मामले की जांच की जा रही है।