Maharajganj News : सुबह 9 बजे से शुरू हुई आग उगलती धूप, दोपहर में सूनी हुई सड़कें
18-May-2026
Total Views |
महराजगंज। रविवार को तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल नजर आए। सुबह नौ बजे से ही धूप इतनी तीखी हो गई कि लोगों ने घर से निकलने में परहेज किया। दोपहर बाद तो शहर की सड़कें सूनीं दिखाई दीं। रविवार को जनपद में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को तेज धूप की वजह से बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से निकले। उमस के कारण लोग पसीना से तरबतर हो जा रहे हैं। पंखे के नीचे भी उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है। घर में कूलर चल रहा है लेकिन वह भी लोगों को उमस भरी गर्मी से नहीं निजात दिला पा रहा है।
गर्मी बढ़ने के कारण घरों में एसी चालू हो गए हैं। इसके चलते लो वोल्टेज की समस्या भी होने लगी है। ठीक से पंखा न चलने के कारण लोग पसीना से तरबतर हो जा रहे हैं। हाफ शर्ट या टी-शर्ट पहनकर निकलने वालों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक बजे से तीन बजे तक लू चलने की आशंका है। पांच दिन के बाद मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रविवार को आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान के बढ़ने का अनुमान है। इसके चलते लोगों को रात में भी उमस भरी गर्मी का एहसास होगा।