Maharajganj News : लेहड़ा देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक किलोमीटर तक लगा जाम

    18-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां आद्रवन वासिनी लेहड़ा देवी मंदिर में सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु माँ की पूजा अर्चना के लिए पहुँचने लगे। महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ के कारण मंदिर परिसर और आसपास का इलाका दिनभर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। इस दौरान मंदिर परिसर के आसपास सुबह से शाम तक लगभग एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही।

श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल और सिंदूर अर्पित किया। महिलाओं ने विशेष रूप से हलवा और पूड़ी का भोग चढ़ाया। पूरे दिन मंदिर में जयकारे और घंटे की गूंज सुनाई देती रही, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा।

सोमवार को मंदिर के धर्मशाला में बड़ी संख्या में उपनयन संस्कार और मुंडन के कार्यक्रम भी संपन्न हुए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण दुकानें गुलजार रहीं और महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।


सुबह से शाम तक मंदिर प्रांगण से लेकर मंदिर मोड़ तक लगभग एक किलोमीटर के क्षेत्र में यातायात बाधित रहा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

लेहड़ा मंदिर के चौकी इंचार्ज पंकज कुमार अपने सहयोगियों के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और जाम से निजात दिलाने के प्रयास में जुटे रहे। वहीं, मंदिर व्यवस्थापक ओम प्रकाश पांडेय, हरिश्चंद्र पांडेय और सचिन पांडेय भी अपनी टीम के साथ श्रद्धालुओं की सुचारू पूजा-अर्चना सुनिश्चित करने में लगे रहे।