Maharajganj News : 8 साल के प्रेम संबंध के बाद प्रेमी के घर पहुंची युवती, शादी को लेकर घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
18-May-2026
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खलीलाबाद की एक युवती अपने माता-पिता और भाई के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि युवक और युवती का पिछले 8 सालों से प्रेम संबंध है। युवती पक्ष शादी को लेकर स्पष्ट जवाब मांग रहा था। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाया। युवती के परिजनों के अनुसार, युवक पक्ष शादी के लिए अब तैयार हो गया है।
युवती के अनुसार, युवक के घर पर पहुंचने के बाद मैंने शादी को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा और युवक पक्ष स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति बिगड़ती देख युवती पक्ष ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को परतावल चौकी लेकर गई, जहां काफी देर तक बातचीत और समझौते का प्रयास चलता रहा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं। काफी देर चली बातचीत के बाद मामला फिलहाल शांत हो गया और दोनों पक्ष वापस अपने घर लौट गए। युवती पक्ष के लोगों ने बताया कि बातचीत के बाद युवक पक्ष शादी के लिए तैयार हो गया है।
चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद मामला शांत हो गया है। किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।