Maharajganj News : स्टांप पेपर पर भरोसा पड़ा भारी, विदेश नहीं पहुंच सका युवक
18-May-2026
Total Views |
सिंदुरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुजहना बुजुर्ग निवासी एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर 1.77 लाख रुपये की ठगी हो गयी है। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर सिंदुरिया पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज जांच में जुट गई है।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मुजहना बुजुर्ग निवासी विजय कुमार पुत्र दयासागर ने बताया कि वह पैसे कमाने के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी बीच उसकी मुलाकात नहछोरी थाना कोठीभार निवासी अतिउल्लाह पुत्र दिवंगत खलील से हो गई। उसने 1.75 लाख रुपये में अजरबैजान भिजवाने का वादा किया।
अतिउल्लाह की बातों पर विश्वास कर 24 जुलाई 2024 को मैंने 19,500/- मोबाइल से उसे भेज दिए। इसके बाद अतिउल्लाह ने 12 नवंबर 2025 को अपने घर बुलाया और विदेश भिजवाने का खर्च 1.75 लाख रुपये तय किया। इस संबंध में 20 रुपये के स्टैंप पेपर पर एक इकरार नामा 12 नवंबर 2025 को लिखकर मुझे दिया। इससे विश्वास और पुख्ता हो गया।
विजय के अुसार, इसके बाद मैंने नौ नवंबर 2025 को 2500, 11 नवंबर 2025 को 50,000, 15 नवंबर 2025 को 63,000 और 29 नवंबर 2025 को 39,999 को दे दिए। अतिउल्लाह ने मेडिकल व पासपोर्ट वीजा के लिए 2500 रुपये और ले लिए। इसके बाद भी विदेश नहीं भिजवाया।
एक अप्रैल को जब मैंने पैसे मांगे तो आरोपी गाली देकर जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना के संबंध में स्थानीय थाना सिंदुरिया में तहरीर दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों को भी सूचना देने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।