Maharajganj News : 'बहन को इंसाफ चाहिए', पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का फूटा गुस्सा

    18-May-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज के सोनौली कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। ग्राम खनुआ पोस्ट बरगदही में एक विवाहिता को कथित रूप से डीजल छिड़ककर जला देने का आरोप उसके पति और ससुराल पक्ष पर लगा है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की अस्पताल पहुँचते ही मौत हो गयी जिससे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी।

जानकारी के अनुसार, अफसर अली उर्फ राज पुत्र नईम शाह पर आरोप है कि उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर पत्नी पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान उम्मे साहिबा पुत्री स्व. अब्बास अली निवासी ग्राम पंचायत कोल्हुई के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, उम्मे साहिबा की शादी 19 अगस्त 2023 को अफसर अली से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। लड़की के परिजनों का कहना है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अफसर अली ने परिजनों के साथ मिलकर उनकी बहन पर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल मायके पक्ष को दी। परिजन नौतनवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहीं से 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।


डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख महिला को जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया लेकिन वहां इलाज शुरू होते ही उसकी मौत हो गई। लड़की के भाइयों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जाती थी और मांग पूरी न होने पर उनकी बहन को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और अंततः उनकी बहन को जिंदा जला दिया गया।परिजनों ने बताया कि प्रताड़ना को लेकर 16 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी की गई थी लेकिन कथित रूप से चौकी स्तर पर समझौता करा दिया गया था।

परिजनों का आरोप है कि यदि उस समय सख्त कार्रवाई की गई होती तो शायद यह दर्दनाक घटना न होती।सूचना मिलते ही सोनौली कोतवाल पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।