Maharajganj News : मच्छरदानी लगाकर पंप परिसर में सो रहे किसान, ताकि उन्हें डीजल मिल सके
19-May-2026
Total Views |
महराजगंज। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब भारत के कई हिस्सों में साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से देशभर में ईंधन संकट गहराता जा रहा है। लोग ईंधन लेने के लिए रात-रात भर लंबी कतार में लगने और सोने को मजबूर हो रहे हैं।
महराजगंज जिले में नौतनवा कस्बे समेत कई इलाकों के पेट्रोल पंपों पर किसानों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कोई गैलन लेकर पहुँच रहा है कोई छोटा ड्रम लेकर घंटों लाइन में खड़ा है। कई किसानों ने तो पेट्रोल पंप परिसर में मच्छरदानी लगाकर रात गुजारनी शुरू कर दी है ताकि डीजल आते ही उन्हें मिल सके। दूसरी तरफ आलम यह है कि इस भीषण गर्मी में दिन में भी किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है।
किसानों का कहना है कि खेती-बाड़ी का समय शुरू हो गया है खेत कि जुताई के लिए डीजल बेहद ज़रूरी है लेकिन पेट्रोल पंप पर डीजल नहीं मिलने से खेती करना अब मुश्किल हो गया है। अगर समय पर ईंधन नहीं मिलता है तो पूरे सीजन की खेती प्रभावित हो सकती है।
किसानों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि खेती-किसानी का काम बाधित न हो।