Maharajganj News : 8 साल के प्यार की हुई ‘हैप्पी एंडिंग’! पुलिस चौकी से कोर्ट मैरेज तक पहुंची प्रेम कहानी

    19-May-2026
Total Views |

परतावल।
नगर पंचायत परतावल में आठ वर्षों से चल रही एक प्रेम कहानी आखिरकार शादी के मुकाम तक पहुंच गई। परतावल निवासी एक युवक और खलीलाबाद की युवती के बीच पिछले आठ वर्षों से चल रहा प्रेम संबंध आखिरकार विवाह के बंधन में बंध गया। रविवार को शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया था।

जानकारी के अनुसार, युवती अपने माता-पिता और भाई के साथ युवक के घर परतावल पहुंची थी। युवती पक्ष का आरोप था कि लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध था और शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन युवक पक्ष विवाह को टाल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई, जहां काफी देर तक वार्ता चली।


इसके बाद सोमवार को दोनों पक्षों की सहमति से युवक और युवती महराजगंज जिला न्यायालय पहुंचे, जहां विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों ने कोर्ट मैरेज कर ली। कोर्ट मैरेज के बाद दोनों परिवारों में सहमति बन गई और मामला शांत हो गया।

इस संबंध में युवक पक्ष के अधिवक्ता आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्ष ने सोमवार को न्यायालय पहुंच कर विवाह की प्रक्रिया पूरी कर ली है। युवक के परिजनों ने बताया कि युवती को हम लोग सम्मानपूर्वक अपने घर लाएं हैं। सिन्दूर दान सहित विवाह की अन्य रस्में भी पूरी कर ली गई है।