Maharajganj News : रातभर चला चोरों का खेल! ताला तोड़कर गेहूं, चावल और गैस सिलेंडर तक ले उड़े बदमाश
19-May-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल के प्राथमिक विद्यालय ग्रामसभा कपरौली में रविवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर स्कूल का ताला तोड़ा और मिड-डे मील का राशन समेत कई सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह जब प्रधानाध्यापक स्कूल पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी एवं मुकामी थाना को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रधानाध्यापक जयप्रकाश द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार अराजक तत्वों ने विद्यालय में लगे तालों को तोड़ दिया और विद्यालय परिसर में रखे मध्याह्न भोजन का दो बोरी गेहूं, चावल, एक गैस सिलेंडर और बड़ा हंडा चोरी कर लिया। इसके अलावा विद्यालय में तोड़फोड़ कर अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे विद्यालय पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई। विद्यालय में रखे खाद्यान्न व अन्य सामान चोरी होने से मध्यान्ह भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षा अधिकारी से मामले में उचित कार्रवाई कराने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।