Maharajganj News : लाखों खर्च, लेकिन सड़क बेकार! पहली बारिश ने ही खोल दी भ्रष्टाचार की परतें

    19-May-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के बृजमनगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम जिगनिया में लाखों रुपये की लागत से बनी RCC सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। इस घटना से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि करीब 4 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक प्रमुख निधि द्वारा बनाई गई सड़क पहली ही बारिश में जगह-जगह टूटकर बिखरने लगी है।

बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण हुए अभी महज एक महीना ही बीता है, लेकिन करीब 10 मीटर तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर डाली गई गिट्टियां उखड़कर बाहर निकल रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल सकी। सड़क टूटने के बाद भी संबंधित विभाग और ठेकेदार पूरी तरह मौन बने हुए हैं। मौके की स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।

सड़क की बदहाली और सरकारी धन की बर्बादी को लेकर गांव के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है।

फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं पर सवाल उठा रहे हैं।