Maharajganj News : कूड़ा फेंकने गई थी 17 वर्षीय तमन्ना, अचानक इस एक हादसे ने परिवार को रुला दिया

    19-May-2026
Total Views |

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा डोमा काटी टोला में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को ग़मगीन कर दिया। घर के पास नहर में डूबकर एक 17 साल की किशोरी की मौत हो गई। परिजन निजी वाहन से किशोरी को लेकर सीएचसी निचलौल पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा डोमा काटी टोला निवासी मोहम्मद आरिफ की 17 वर्षीय बेटी तमन्ना घर के बगल से गुजर रही बड़ी नहर की तरफ कूड़ा फेंकने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और पानी में चली गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह उसे नहर से बाहर निकाला और तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि तमन्ना पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता मोहम्मद आरिफ रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।