Ground Reality: 15 साल से बदहाल बागापार का बिशुनपुरवा टोला... सड़क-नाली के नाम पर सच या सिर्फ दावा?

    02-May-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के ग्राम सभा बागापार टोला बिशुनपुरवा में बुनियादी सुविधाओं की हालात बेहद ख़राब है। यहाँ के लोग बेहद परेशान हैं क्योंकि उनके पास न तो चलने के लिए रोड है और न ही नाली है जिसमे से पानी का निस्तारण हो सके। गाँव में रोड और नाली बने हुए 15 साल हो चुके हैं जो कि अब समय के साथ साथ धंस चुका है। नाली का पानी बहता नहीं, सब रोड पर और घरों में आता है। लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो चुका है और बीमारियों के फैलने का खतरा अलग से।

इसके बारे में जब हमने ग्राम प्रधान से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि गाँव में पक्की रोड और नाली दोनों है ऐसी कोई दिक्कत नहीं है, बाकि रोड कार्य योजना के अंतर्गत है और जल्द पूरा हो जाएगा।


जबकि स्थानीय लोगों से संपर्क करने पर पता चला स्थिति इसके उलट है। क्षेत्र निवासी उदय सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान जिस पक्की रोड की बात कर रहे हैं वो सिर्फ हाईवे से गाँव के अंदर आती है जो कि सिर्फ 300 मीटर ही है। गाँव के अंदर रोड है ही नहीं। और जो है उसे बने हुए लगभग 15 साल बीत चुके हैं।

बहु बेटियों का घर से बहार निकलना मुश्किल हो गया है। इस टोले में करीब 20-25 घर हैं जिनमे रहने वाले लोग बेहद परेशान है और उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इसका समाधान निकाला जाये और रोड और नाली बनाई जाये।