Maharajganj News : कब्र में दफन सच बाहर आया... दहेज हत्या के शक में शव निकाला गया बाहर

    02-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित मटरा धमउर गांव में शुक्रवार को एक शव को कब्र से बाहर निकाला गया। यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम द्वारा की गई। उसके बाद पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में कई घंटों तक हड़कंप मचा रहा। यह कार्रवाई दहेज हत्या के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद की गई।

एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि कुशीनगर जिले के जटहा बाजार निवासी अलीहसन की तहरीर पर निचलौल थाने में 26 अप्रैल को आरोपी गुलशन, फिरोज, ईशा, अफरोज और फैयाज अंसारी निवासी मटरा धमउर के खिलाफ दहेज हत्या सहित कई गंभीर धाराओं के प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


पीड़ित अलीहसन ने बताया है कि 25 फरवरी 2021 को बेटी हसीरुन निशा की शादी फैयाज अंसारी निवासी मटरा धमउर के साथ किया था। शादी के बाद बेटी के दो बच्चे नाजिया और इब्राहिम ने जन्म लिया। बेटी हसीरुन निशा के पति फैयाज अंसारी विदेश में है।

जो दहेज के लिए बेटी को फोन पर प्रताड़ित करने के साथ ही अपशब्द बोलते थे। इसी बीच बेटी के ससुराल वालों ने 22 अप्रैल की आधी रात को गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद बगैर कोई सूचना दिए ही शव को दफन कर दिया। हालांकि वीडियो में साफ जाहिर है कि बेटी की हत्या की गई है। मामले में न्यायालय के आदेश पर मृत हसीरुन निशा के शव को कब्र से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने पुष्टि की कि कोर्ट के आदेश पर मृत हसीरुन निशा के शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकाला गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।