Maharajganj News : अब रसोई पर 'महंगाई अटैक'! डीजल-पेट्रोल के बाद अब खाद्य तेल ने बढ़ाई टेंशन

    20-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब लोगों की रसोई तक पहुँच गया है। जिसके चलते डीजल-पेट्रोल के बाद अब खाद्य तेल के मूल्य में भी महंगाई की आग लग गई है। अब तक 175 रुपये लीटर मिलने वाला चर्चित कंपनी का सरसों का तेल 190 रुपये लीटर हो गया है। खाद्य तेलों की महंगाई ने गृहणियों के घर का बजट बिगाड़ दिया है।

पिछले सप्ताह के मुकाबले बाजार में खाद्य तेल की कीमतों में 15 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल के दामों में अचानक आई इस तेजी ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य तेल उपयोग में गृहणियां किफायत करने लगी हैं।


लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम भी बढ़ेंगे। कारोबारियों की मानें तो अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य और माल भाड़े में हुई बढ़ोतरी का असर खाद्य तेल के रेट में देखने को मिल रहा है। लोग अब सरकार से राहत की उम्मीद लगा रहे हैं। जिससे घरेलू बजट स्थिर हो सके। व्यापारी धीरेंद्र निगम ने बताया कि सरसों तेल के अलावा रिफाइंड तेल 130 रुपये से बढ़कर 140 रुपये प्रति लीटर और तिल का तेल 150 रुपये से बढ़कर 165 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।